खड़ी ट्रक में घुसी पिकअप, चालक की मौत, सहयोगी गंभीर
खड़ी ट्रक में घुसी पिकअप, चालक की मौत, सहयोगी गंभीर
पट्टी। सामान लेकर चंदौली गए एक युवक की वापस लौटते समय सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का वाराणसी में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।नगर से सटे कुंदनपुर निवासी राजेश गौतम शिक्षामित्र हैं। उनके दो पुत्र हैं। छोटा पुत्र आशीष गौतम (21) पड़ोसी सधईपुर वार्ड निवासी एक युवक का पिकअप डाला चलाता था।
बताया गया कि शुक्रवार को आशीष पिकअप से सामान लेकर चंदौली गया था। देर रात वहां से वापस लौटते समय वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र के समीप उसका पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने आशीष गौतम को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके सहयोगी अरुण कुमार गौतम का इलाज वाराणसी में चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।घटना की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आशीष का शव पोस्टमार्टम के लिए वाराणसी जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
Comments
Post a Comment