टप्पेबाजी का खुलासा: महिला से ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 940 रुपये बरामद
टप्पेबाजी का खुलासा: महिला से ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार, 940 रुपये बरामद
आसपुर देवसरा पुलिस ने टप्पेबाजी (ठगी) के एक चर्चित मामले का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 940 रुपये नगद भी बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, 13 जनवरी 2026 को अमरगढ़ चौराहे पर एक महिला को सोने का बिस्किट बताकर ठगी का शिकार बनाया गया था। तीन अज्ञात बदमाशों ने महिला को पीले धातु का टुकड़ा सोना बताकर दिया और बहाने से उसके सोने का नथ व चांदी की पायल लेकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना आसपुर देवसरा में मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया। लगातार साक्ष्य संकलन, सीसीटीवी फुटेज की जांच और दबिश के बाद पुलिस को सफलता मिली।रविवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गौरामाफी तिराहे के पास से आरोपी असलम अली (37 वर्ष) निवासी करौरा, थाना मछलीशहर, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 940 रुपये बरामद हुए।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने दो साथियों के साथ मिलकर महिलाओं को बहला-फुसलाकर या छीनकर उनके जेवरात ठगता था। अमरगढ़ की घटना में उसे करीब 5000 रुपये हिस्से में मिले थे, जिनमें से कुछ खर्च हो चुके हैं और शेष रकम उसके पास से बरामद हुई।पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जौनपुर के विभिन्न थानों में लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और चोरी जैसे कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।गिरफ्तारी के आधार पर मामले में अन्य धाराएं बढ़ाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Comments
Post a Comment