दो घरों के बाद अब दो स्कूलों में चोरी, सपहाछात–अर्जुनपुर में दहशत,एसआरटी पब्लिक स्कूल से टैबलेट, लैपटॉप व 20 हजार नगद पार,प्राथमिक विद्यालय अर्जुनपुर भी बना निशाना, पुलिस जांच में जुटी,
दो घरों के बाद अब दो स्कूलों में चोरी, सपहाछात–अर्जुनपुर में दहशत,
एसआरटी पब्लिक स्कूल से टैबलेट, लैपटॉप व 20 हजार नगद पार,
प्राथमिक विद्यालय अर्जुनपुर भी बना निशाना, पुलिस जांच में जुटी,
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के आसपुर देवसरा विकासखंड अंतर्गत सपहाछात और अर्जुनपुर गांव में शनिवार की बीती रात अज्ञात चोरों ने दो विद्यालयों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान और नगदी चोरी कर ली। इससे पहले शुक्रवार रात गांव में दो घरों में भी लाखों की चोरी हो चुकी है। लगातार तीसरी वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।सपहाछात गांव स्थित एस आरटी पब्लिक स्कूल में शनिवार देर रात चोर विद्यालय परिसर में घुस गए। विद्यालय के प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी के अनुसार चोरों ने एक कक्ष का ताला तोड़कर अंदर रखे टैबलेट, लैपटॉप, कैमरे का डीवीआर तथा लगभग 20 हजार रुपये नगद पार कर दिए। रविवार सुबह चपरासी के विद्यालय पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। कमरे का ताला टूटा मिला और अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी भी खुली हुई थी। विद्यालय प्रबंधन ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।इसी रात अर्जुनपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय अर्जुनपुर का भी ताला तोड़ दिया गया। प्रधानाचार्य नितिन श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालय से लैपटॉप और बच्चों के खेलने का सामान चोरी कर लिया गया। ग्राम प्रधान भूपेंद्रमल तिवारी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी गई है।ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा शीघ्र खुलासे की मांग की है। कोतवाल आनंदपाल सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment