हर-हर बम-बम के जयघोष से गूंजा बेलखरनाथ धाम भोर तीन बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
हर-हर बम-बम के जयघोष से गूंजा बेलखरनाथ धाम
भोर तीन बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
प्रतापगढ़। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच जनपद का पौराणिक शिवधाम बेलखरनाथ धाम महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ‘हर-हर महादेव’ और ‘हर-हर बम-बम’ के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान हो उठा। भोर के तीन बजे मंगला आरती के साथ ही पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूब गया और दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।
मंगला आरती के उपरांत भगवान भूत-भावन का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से जलाभिषेक आरंभ हुआ। मंदिर के पुजारी बद्रीनाथ गिरि ने रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। शंखनाद और घंटियों की मधुर ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
सुबह होते-होते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी जिलों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि मंदिर परिसर से लेकर सईं नदी तट तक श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए। मंदिर परिसर और नदी तट पर पुलिस बल के साथ गोताखोरों की तैनाती की गई, वहीं जगह-जगह बैरिकेडिंग कर भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया गया, जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इधर, श्रद्धालुओं की सेवा में बाबा बेलखरनाथ धाम सेवा समिति के पदाधिकारी मदन सिंह सहित अन्य सदस्य पूरे उत्साह के साथ जुटे रहे। समिति द्वारा पेयजल, प्रसाद और आवश्यक मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई, जिससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर बेलखरनाथ धाम एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन गया, जहां दिनभर ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के बीच आस्था का अद्भुत उत्सव चलता रहेगा। वहीं पूरे मंदिर परिसर को फूल-मालाओं से भव्य रूप से सजाया गया है।
Comments
Post a Comment