पतंग की डोर से शुरू हुआ विवाद बना हिंसक संघर्ष, मारपीट व आगजनी में दस घायलपुरानी रंजिश के चलते भाटी खुर्द गांव में भड़की हिंसा, कई छप्पर जलकर राख
पतंग की डोर से शुरू हुआ विवाद बना हिंसक संघर्ष, मारपीट व आगजनी में दस घायल
पुरानी रंजिश के चलते भाटी खुर्द गांव में भड़की हिंसा, कई छप्पर जलकर राख
आसपुर देवसरा (प्रतापगढ़)। यूपी के प्रतापगढ़ जिले के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के भाटी खुर्द गांव में सोमवार रात मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया। पतंग की डोर से गेहूं की बोरी कटने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट और आगजनी की इस घटना में कुल 10 लोग घायल हो गए, जबकि कई छप्पर जलकर राख हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार चुन्नू के परिवार की एक लड़की गेहूं की बोरी लेकर जा रही थी, तभी हसीम के परिवार का एक लड़का पतंग उड़ा रहा था। पतंग की डोर से बोरी फट गई, जिसको लेकर दोनों पक्षों की महिलाओं में पहले कहासुनी हुई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच दो दिन पहले बारात को लेकर भी तनातनी हो चुकी थी।सोमवार रात करीब 8 बजे पुराना विवाद फिर उभर आया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई, जो बाद में आगजनी में तब्दील हो गई। एक-दूसरे के छप्परों में आग लगा दी गई, जिससे कई छप्पर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।मारपीट में एक पक्ष से चुन्नू, शहीदुर, शाहबाज, इरशाद और कमल घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष से हसीम, गुड्डू, गड्डू, अकराम और गोलू घायल बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
सूचना मिलते ही थाना आसपुर देवसरा पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ मनोज कुमार सिंह रघुवंशी भी मौके पर पहुंचे।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट और आगजनी की घटना हुई है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments
Post a Comment