जर्जर पुलिया व टूटी रेलिंग बन रही हादसों का कारणआए दिन हो रही दुर्घटनाएं, जनप्रतिनिधियों की उदासीनता बरकरार
जर्जर पुलिया व टूटी रेलिंग बन रही हादसों का कारण
आए दिन हो रही दुर्घटनाएं, जनप्रतिनिधियों की उदासीनता बरकरार
पट्टी।तहसील क्षेत्र अंतर्गत धरौली नहर पर बनी पुलिया अत्यधिक जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। पुलिया की रेलिंग पूरी तरह टूट जाने और सड़क पर अंधा मोड़ होने के कारण यह स्थान लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब तक इस स्थान पर आधा दर्जन से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, इसके बावजूद जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।बताया जाता है कि यह मार्ग पट्टी से ढकवा होते हुए जौनपुर और सुल्तानपुर को जोड़ता है। इस कारण इस सड़क पर दिन-रात भारी वाहनों के साथ आम लोगों की आवाजाही बनी रहती है। पुलिया की खराब स्थिति और सुरक्षा इंतजामों के अभाव में वाहन चालकों को हमेशा जान का खतरा बना रहता है।ग्राम प्रधान जगदीश गौतम ने बताया कि सड़क के दोनों ओर न तो कोई चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पुलिया की मरम्मत कराई गई है। कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।वहीं राहगीरों का कहना है कि अक्सर वाहन चालक संतुलन खो बैठते हैं और कई बार वाहन नहर में गिर चुके हैं। इन हादसों में अब तक कई लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
इनसर्ट–1
जगदीश गौतम, ग्राम प्रधान
“पुलिया की रेलिंग टूट चुकी है और कोई संकेतक बोर्ड नहीं लगे हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग ध्यान नहीं दे रहा, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।”
इनसर्ट–2
स्थानीय राहगीर
“यहां अंधा मोड़ होने की वजह से कई वाहन नहर में गिर चुके हैं। अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन जिम्मेदार लोग आंख मूंदे बैठे हैं।”
Comments
Post a Comment