सार्वजनिक रास्ता बंद, ग्रामीण महिलाओं ने एसडीएम से लगाई गुहार
सार्वजनिक रास्ता बंद, ग्रामीण महिलाओं ने एसडीएम से लगाई गुहार
पट्टी। बेलखरनाथ धाम विकास खंड के खभोर गांव में सार्वजनिक रास्ते पर कथित कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गांव की महिलाओं ने दबंगों द्वारा रास्ता अवरुद्ध किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।गांव निवासी नीलम, कुसुम, सुनीता, शीला देवी, सुमन, सीमा, रंजना देवी समेत लगभग एक दर्जन महिलाओं ने संयुक्त रूप से एसडीएम पट्टी पूर्णेन्द्र मिश्रा को शिकायती पत्र सौंपा। महिलाओं का कहना है कि 83 सेक्टर मार्ग, 772 चकमार्ग तथा 775 आबादी की जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे वर्मा बस्ती का मुख्य रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है।ग्रामीणों के अनुसार, रास्ता बंद होने से रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। बच्चों को स्कूल जाने, बीमारों को अस्पताल पहुंचाने और महिलाओं को घरेलू कार्यों के लिए निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।महिलाओं ने प्रशासन से तत्काल पैमाइश कराकर कब्जा हटवाने और सार्वजनिक मार्ग को पुनः बहाल करने की मांग की है।इस संबंध में एसडीएम पट्टी पूर्णेन्द्र मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच के लिए राजस्व विभाग की टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही मौके पर पहुंचकर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों को अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है, जबकि गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
Comments
Post a Comment