पट्टी क्षेत्र में चोरियों की बाढ़, खुलासे के अभाव में ग्रामीणों में आक्रोश

पट्टी क्षेत्र में चोरियों की बाढ़, खुलासे के अभाव में ग्रामीणों में आक्रोश
पट्टी। पट्टी कोतवाली क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आसपुर देवसरा विकासखंड के विभिन्न गांवों व बाजारों में आधा दर्जन से अधिक वारदातें हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है। इससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार उपाध्यायपुर स्थित अर्जुनपुर के प्राथमिक विद्यालय में चोरी की घटना हुई। प्रधानाध्यापक नितिन श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में शिकायती पत्र पुलिस को दिया गया है। वहीं एसआरटी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मनोज कुमार तिवारी ने भी विद्यालय में हुई चोरी के संबंध में तहरीर दी है।
शुक्रवार रात प्रेम शर्मा व अमरीश के घरों के ताले तोड़कर चोर लाखों रुपये के जेवरात व कीमती सामान उठा ले गए। इसके अगले ही दिन शनिवार को चोरों ने दो विद्यालयों को निशाना बनाते हुए वहां रखा सामान पार कर दिया।करैला बाजार स्थित शराब के ठेके में भी 8 व 19 जनवरी की रात चोरी की घटना हुई थी। ठेकेदार हरिशंकर सिंह द्वारा तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।28 फरवरी 2026 को औराई गांव में सोमलाल के घर से जेवरात व 30 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। नंदलाल व राहुल के घरों से भी गहने व अन्य सामान उठा ले जाने की घटना सामने आई। अंखवा गांव की शोभा देवी ने आरोप लगाया कि 13 फरवरी को खिड़की के रास्ते घुसे चोर लाखों के गहने और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। लोगों का कहना है कि रात्रि गश्त प्रभावी नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।क्षेत्राधिकारी (सीओ) मनोज कुमार रघुवंशी ने बताया कि सभी मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। हालांकि अब तक सफलता न मिलने से क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बनी हुई है।

Comments

Popular posts from this blog

पट्टी इलाके में स्कूल के छत पर रंगरलिया मना रहे प्रेमी जोड़ों को ग्रामीण पकड़ा पीट कर किया पुलिस के हवाले

शादी के तीसरे दिन चचेरी बहन को लेकर युवक फरार ,एक बार फिर रिश्ते हुए शर्मसार

पट्टी कोतवाली के एक गांव में किशोरी को भगा ले गया युवक, मुकदमा दर्ज