पट्टी में ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी व अवैध असलहे संग फोटो वायरल, पुलिस से की गई शिकायत
पट्टी में ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी व अवैध असलहे संग फोटो वायरल, पुलिस से की गई शिकायत
पट्टी। क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का एक गंभीर मामला सामने आया है। सांगा पट्टी गांव निवासी श्रवण कुमार मिश्रा ने कुछ असामाजिक तत्वों पर ब्राह्मण समाज के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने और सोशल मीडिया पर अवैध असलहे के साथ फोटो वायरल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को नामजद तहरीर दी है।
पीड़ित का आरोप है कि फेसबुक सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की गई इस प्रकार की पोस्ट का उद्देश्य समाज में भय और दहशत का माहौल पैदा करना, जातीय भावना को भड़काना तथा शांति व्यवस्था को भंग करना है। उन्होंने बताया कि ऐसी आपत्तिजनक टिप्पणियां और फोटो क्षेत्र में तनाव का कारण बन सकती हैं।
श्रवण कुमार मिश्रा ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
इस संबंध में उपनिरीक्षक पूरेधना कमलेश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो चुकी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों की गहनता से पड़ताल कर रही है और यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वायरल फोटो किस उद्देश्य से पोस्ट की गई थी तथा उसमें दिखाया गया असलहा वैध है या अवैध। वहीं प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री को साझा न करने की अपील की है।
Comments
Post a Comment