हर-हर बम-बम के जयघोष से गूंजा बेलखरनाथ धामभोर तीन बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक, सईं तट तक उमड़ी आस्था की भीड़सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, सेवा समिति ने संभाली व्यवस्थाएं
हर-हर बम-बम के जयघोष से गूंजा बेलखरनाथ धाम
भोर तीन बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक, सईं तट तक उमड़ी आस्था की भीड़
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, सेवा समिति ने संभाली व्यवस्थाएं
पट्टी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद का प्रसिद्ध पौराणिक शिवधाम बेलखरनाथ धाम ‘हर-हर महादेव’ और ‘हर-हर बम-बम’ के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान हो उठा। भोर तीन बजे मंगला आरती के साथ ही मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण छा गया और दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।मंगला आरती के उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक आरंभ हुआ। मंदिर के पुजारी बद्रीनाथ गिरि ने रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। शंखनाद और घंटियों की मधुर ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
सुबह होते-होते मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के साथ-साथ पड़ोसी जिलों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर से लेकर सईं नदी तट तक आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पूरा क्षेत्र ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंजता रहा।श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए थे। मंदिर परिसर एवं नदी तट पर पुलिस बल और गोताखोरों की तैनाती की गई। जगह-जगह बैरिकेडिंग कर भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया गया, जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इधर, बाबा बेलखरनाथ धाम सेवा समिति के पदाधिकारी मदन सिंह सहित अन्य सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे। समिति की ओर से पेयजल, प्रसाद एवं मार्गदर्शन की समुचित व्यवस्था की गई।महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर बेलखरनाथ धाम एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बना रहा। फूल-मालाओं से सजे मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरे वातावरण में भक्ति का उल्लास छाया रहा।
Comments
Post a Comment