मौसम ने बदली करवट, तेज हवाओं व बूंदाबांदी से किसानों की बढ़ी चिंता
मौसम ने बदली करवट, तेज हवाओं व बूंदाबांदी से किसानों की बढ़ी चिंता
पट्टी तहसील इलाके में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवा के झोंकों के साथ रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। इस बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। तेज हवाओं के चलते सड़कों पर आवागमन प्रभावित रहा और कई स्थानों पर हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह बदलाव देखने को मिल रहा है। अगले 24 घंटों तक बादल छाए रहने, हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी है।
जिले के ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं और बूंदाबांदी का असर खेतों में साफ दिखाई दे रहा है। इस समय गेहूं की फसल पककर तैयार है, जबकि सरसों कटाई के कगार पर है। ऐसे में तेज हवाओं के चलते कई खेतों में गेहूं की फसल जमीन पर झुक गई है, जिससे दानों के खराब होने और उत्पादन घटने का खतरा बढ़ गया है। वहीं सरसों की फलियों पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
पट्टी तहसील क्षेत्र के आसपुर देवसरा इलाके के किसान शेषनाथ, शिव शंकर, शैलेंद्र और देवेंद्र ने बताया कि अचानक हुई बेमौसम बारिश और तेज हवाओं से फसल गिरने लगी है, जिससे भारी नुकसान की आशंका है। किसानों का कहना है कि पहले ही खेती की लागत बढ़ चुकी है, ऐसे में यदि फसल खराब हुई तो आर्थिक संकट और गहरा जाएगा।किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके। मौसम के इस अप्रत्याशित बदलाव ने एक बार फिर किसानों की मेहनत और उम्मीदों पर अनिश्चितता के बादल खड़े कर दिए हैं।
Comments
Post a Comment