होली पर बाजार में धड़ल्ले से बिक रहा नकली खोवा, जिम्मेदार बेखबर
होली पर बाजार में धड़ल्ले से बिक रहा नकली खोवा, जिम्मेदार बेखबर
पट्टी। होली पर्व नजदीक आते ही पट्टी कस्बा समेत आसपास के बाजारों में नकली खोवा (मावा) की बिक्री जोरों पर है। आरोप है कि कुछ दुकानदार मुनाफे के लालच में मिलावटी खोवा से बनी मिठाइयां खुलेआम बेच रहे हैं, जबकि जिम्मेदार विभाग अनजान बना बैठा है।बताया जा रहा है कि होली के मौके पर गुझिया, पेड़ा, बर्फी और अन्य मिष्ठान की मांग बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर बाजार में संदिग्ध गुणवत्ता वाला खोवा खपाया जा रहा है। कई दुकानों पर कम दाम में खोवा उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे इसकी शुद्धता पर सवाल उठ रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान नहीं चलाया तो मिलावटी मिठाइयां लोगों की सेहत पर भारी पड़ सकती हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह नुकसानदेह साबित हो सकता है।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजारों में सघन जांच अभियान चलाकर नमूने लिए जाएं और दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि त्योहार की खुशियां फीकी न पड़ें।अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले पर कितना ध्यान देते हैं और कब तक बाजार में बिक रहे नकली खोवा पर लगाम लगती है।
Comments
Post a Comment