प्रसव के दौरान नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
प्रसव के दौरान नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
पट्टी।आसपुर देवसरा क्षेत्र के नचरौला गांव की एक महिला ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सामान्य प्रसव के दौरान मृत नवजात को जन्म दिया। घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जिससे अस्पताल परिसर में गम और आक्रोश का माहौल बन गया। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के नचरौला निवासी कंचन गौड़ को शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी में भर्ती कराया गया था। पति सुरेश का आरोप है कि प्रसूता की समुचित निगरानी और देखभाल नहीं की गई, जिसके कारण नवजात की मौत हो गई। उनका कहना है कि समय रहते उचित उपचार मिलता तो शायद बच्चे की जान बचाई जा सकती थी।अस्पताल प्रशासन का कहना है कि प्रसव से पूर्व ही गर्भ में शिशु की मृत्यु हो चुकी थी। चिकित्सकों के अनुसार महिला की नियमित देखभाल की गई और प्रसव सामान्य प्रक्रिया से कराया गया।सीएचसी अधीक्षक डॉ. आर. पी. भारतीय ने कहा कि इलाज के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि जन्म और मृत्यु ईश्वर के हाथ में होती है तथा चिकित्सकीय स्तर पर पूरी सावधानी बरती गई।फिलहाल प्रसूता को सीएचसी में भर्ती रखा गया है और उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद परिजनों में गहरा दुख और सदमा है। वहीं क्षेत्र में इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। यदि परिजन औपचारिक शिकायत दर्ज कराते हैं तो मामले की जांच की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
Comments
Post a Comment