लोन दिलाने के नाम पर युवक से 2.61 लाख की ठगी, बैंक कर्मचारी पर आरोप
लोन दिलाने के नाम पर युवक से 2.61 लाख की ठगी, बैंक कर्मचारी पर आरोप
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के कुंदरपुर गांव निवासी एक युवक ने लोन दिलाने के नाम पर ₹2 लाख 61 हजार की ठगी किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़ित ने प्रतापगढ़ मुख्यालय स्थित एक प्राइवेट बैंक के कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।गांव निवासी प्रवीण कुमार चौरसिया ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका प्रतापगढ़ मुख्यालय स्थित एक निजी बैंक से लोन हुआ था। इसी दौरान बैंक के एक कर्मचारी युवराज द्विवेदी, जो प्रयागराज का निवासी बताया जा रहा है, ने उससे बड़ा लोन कराने का झांसा दिया।आरोप है कि युवराज द्विवेदी ने पहले फाइल तैयार कराने और बड़ा लोन स्वीकृत कराने के नाम पर ₹43 हजार ऑनलाइन माध्यम से मंगवाए। पीड़ित ने विश्वास में आकर उक्त रकम भेज दी। इसके बाद आरोपी ने ₹1 लाख नगद की मांग की, जिसे भी प्रवीण ने उसे दे दिया।पीड़ित का आरोप है कि बाद में आरोपी ने उसे एक स्थान पर मिलने के लिए बुलाया और धोखे से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद प्रयागराज जाकर अलग-अलग एटीएम से उसके खाते से ₹1 लाख 18 हजार नकद निकाल लिया।
इस प्रकार आरोपी ने कुल ₹2 लाख 61 हजार की ठगी कर ली। जब पीड़ित को इसकी जानकारी हुई तो उसने तत्काल अपना एटीएम बंद कराया।शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे प्रवीण कुमार चौरसिया ने थाने पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Comments
Post a Comment