एक पीआरडी जवान के भरोसे चौक की यातायात व्यवस्था,डेढ़ घंटे तक भीषण जाम में फंसी रही एंबुलेंस, प्रसूता तड़पती रही,सुरक्षा व्यवस्था नदारद, राहगीरों और व्यापारियों में आक्रोश,
एक पीआरडी जवान के भरोसे चौक की यातायात व्यवस्था,
डेढ़ घंटे तक भीषण जाम में फंसी रही एंबुलेंस, प्रसूता तड़पती रही,
सुरक्षा व्यवस्था नदारद, राहगीरों और व्यापारियों में आक्रोश,
पट्टी। नगर के मुख्य चौक पर सोमवार की सुबह यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हालात इतने बिगड़ गए कि पूरे चौक की ट्रैफिक व्यवस्था केवल एक पीआरडी जवान के भरोसे चलती रही। सुरक्षा व्यवस्था नदारद होने के कारण देखते ही देखते भीषण जाम लग गया और लोग घंटों परेशान होते रहे।सुबह से ही बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव बढ़ने लगा, लेकिन यातायात नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था। एकमात्र पीआरडी जवान लगातार व्यवस्था संभालने की कोशिश करता रहा, लेकिन बढ़ते वाहनों के दबाव के आगे वह भी बेबस नजर आया।
करीब डेढ़ घंटे तक लगे इस भीषण जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई, जिसमें प्रसव पीड़ा से कराह रही एक प्रसूता तड़पती रही। एंबुलेंस चालक लगातार रास्ता देने की अपील करता रहा, लेकिन जाम इतना भयंकर था कि वाहन आगे नहीं बढ़ सका। यह दृश्य देखकर राहगीरों में भी नाराजगी देखने को मिली।स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि नगर के सबसे व्यस्त चौक पर यदि पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं रहेगा तो ऐसे हालात बार-बार बनेंगे। लोगों ने स्थायी यातायात व्यवस्था और अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की है।लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से आमजन त्रस्त हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब भी गंभीर नजर नहीं आ रहा। सोमवार का यह जाम प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर गया।
Comments
Post a Comment