भूसा रखने के विवाद में खूनी संघर्ष: सास-बहू समेत चार घायल, गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप
भूसा रखने के विवाद में खूनी संघर्ष: सास-बहू समेत चार घायल, गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप
बेलखरनाथ धाम (प्रतापगढ़)। विकास खंड क्षेत्र के धनगढ़ सराय छिवलहा गांव में शुक्रवार शाम भूसा रखने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। पड़ोसियों के बीच हुई इस मारपीट में सास-बहू समेत चार लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने एक किशोर का गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की।गांव निवासी रेनू देवी, पत्नी राजकुमार यादव, ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के अंदर भूसा रख रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उनके दरवाजे पर आ धमके और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंची उनकी बहुएं आरती और मंजू भी हमलावरों के निशाने पर आ गईं और उन्हें भी बेरहमी से पीटा गया। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंचे नाती आदित्य के साथ आरोपियों ने मारपीट करते हुए उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।घटना के बाद घायल पक्ष ने देर रात पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment