रफ्तार बनी मौत का कारण: सड़क पार करते वक्त अज्ञात वाहन की टक्कर, तीन अस्पतालों के चक्कर के बाद अधेड़ की मौत, मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया,
रफ्तार बनी मौत का कारण: सड़क पार करते वक्त अज्ञात वाहन की टक्कर,
तीन अस्पतालों के चक्कर के बाद अधेड़ की मौत,
मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया,
पट्टी। कंधई थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का एक और दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां सड़क पार कर रहे अधेड़ को अज्ञात वाहन ने ऐसी टक्कर मारी कि कई अस्पतालों में इलाज के बाद भी उसकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।धरमपुर गांव निवासी प्रतिभा देवी गौतम ने बुधवार को पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति प्रेमचंद गौतम (50) बीती 29 तारीख की देर रात पट्टी कोतवाली क्षेत्र के गड़ौरी खुर्द गांव से घर लौट रहे थे। रास्ते में सड़क पार करते समय रानीगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कई फीट दूर जा गिरे और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बिना देर किए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन वहां भी हालत में सुधार न होने पर उन्हें स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज भेजा गया। जिंदगी और मौत के बीच कई दिनों तक संघर्ष करने के बाद बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मृतक अपने पीछे पत्नी प्रतिभा देवी और दो मासूम बेटियां—अपेक्षा (14) व अनुष्का (8) को छोड़ गए हैं। पिता की मौत की खबर सुनते ही दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पत्नी का विलाप सुन हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में हादसे को लेकर आक्रोश भी देखा जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कोई लगाम नहीं है, जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।इस संबंध में उप निरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment