चाय का पैसा मांगना पड़ा महंगा, दुकानदार की लाठी-डंडों से पिटाई
चाय का पैसा मांगना पड़ा महंगा, दुकानदार की लाठी-डंडों से पिटाई
पट्टी। दिलीपपुर थाना क्षेत्र के सरखेलपुर गांव में चाय का पैसा मांगना एक दुकानदार को महंगा पड़ गया। आरोप है कि उधार चाय पीने वाले युवक ने भुगतान मांगने पर दुकानदार की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।सरखेलपुर गांव निवासी बद्री प्रसाद पुष्पजीवी गांव में चाय-पान की दुकान चलाते हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब 8 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। तभी अहियापुर निवासी एक युवक दुकान पर पहुंचा और चाय पी। चाय पीने के बाद वह बिना पैसे दिए जाने लगा। इस पर दुकानदार ने उससे चाय के पैसे मांगे और कहा कि वह पहले भी कई बार उधार कर चुका है, इसलिए भुगतान करके जाए।आरोप है कि इसी बात से नाराज युवक गाली-गलौज करने लगा और लाठी-डंडे से हमला कर दुकानदार का सिर फोड़ दिया। हमले में बद्री प्रसाद गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उनकी जान बचाई। आरोपित जाते समय कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी भी देता गया।घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घायल दुकानदार को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ रेफर कर दिया।थानाध्यक्ष दिलीपपुर बलराम ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment