बेलखरनाथ धाम में पुरुषोत्तम मास के चौथे शनिवार को उमड़ा आस्था का सैलाब, तीन हजार से अधिक भक्तों ने किया जलाभिषेक

बेलखरनाथ धाम में पुरुषोत्तम मास के चौथे शनिवार को उमड़ा आस्था का सैलाब, तीन हजार से अधिक भक्तों ने किया जलाभिषेक
पट्टी।पौराणिक धाम बेलखरनाथ में पुरुषोत्तम मास के चौथे शनिवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। लगभग तीन हजार से अधिक श्रद्धालु भोर से ही बाबा बेलखरनाथ का जलाभिषेक करने शिव धाम पहुंचे। मंगला आरती के बाद जलाभिषेक का क्रम शुरू हुआ। सुबह 6 बजे से दोपहर 11 बजे तक पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का दूध, गंगाजल, बिल्व पत्र, अक्षत, शमी पत्र, सफेद पुष्प, रोली, चावल और चंदन से विधिवत पूजन-अर्चन किया। इस दौरान मन्नत पूरी होने पर कई महिलाओं ने मंदिर में कड़ाही भी चढ़ाई। जगह-जगह आयोजित हुआ भंडारा, हर-हर महादेव से गूंजा धाम
सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों की ओर से जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया। जलाभिषेक के बाद शिवभक्त 'हर-हर महादेव' के जयघोष के साथ महाप्रसाद ग्रहण कर रहे थे। पूरे परिसर का वातावरण शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दिलीपपुर व कंधई थाने की पुलिस के साथ सेवा समिति के सदस्य लगातार मुस्तैद रहे। पुलिस और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से मंदिर में प्रवेश कराकर जलाभिषेक कराया। इस दौरान सेवा समिति के अरुण सिंह, देवी नरेश सिंह, अतुल पांडे, अजीत सरोज, प्रमोद कुमार शर्मा, प्रभात मिश्रा, विनोद तिवारी, भारत राम, बद्री प्रसाद गिरी, उदय सिंह, माता बादल सिंह, विश्वनाथ गिरी सहित स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और तहसील प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे।

Comments