कार की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, एक साल पहले हुई थी शादी

कार की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, एक साल पहले हुई थी शादी
पट्टी। कंधई थाना क्षेत्र के दीवानगंज बाजार चौराहे के पास शुक्रवार देर रात हुए सड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की शादी महज एक वर्ष पहले हुई थी।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार गौतम (25) पुत्र रमेश कुमार एक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 12 बजे दीवानगंज बाजार चौराहे के समीप एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही दीवानगंज चौकी प्रभारी एवं उपनिरीक्षक पवन कुमार यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखरनाथ धाम भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
परिजन प्रमोद को मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही पत्नी ममता, मां तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने बताया कि प्रमोद की शादी पिछले वर्ष हुई थी और वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Comments