मौसी की शादी में आया मासूम, तालाब में डूबकर बुझ गया मां बाप का इकलौता चिराग,भरोखन गांव में नहाते समय हादसा, 20 मिनट बाद निकाला गया शव; परिवार में मचा कोहराम
मौसी की शादी में आया मासूम, तालाब में डूबकर बुझ गया मां बाप का इकलौता चिराग,
भरोखन गांव में नहाते समय हादसा, 20 मिनट बाद निकाला गया शव; परिवार में मचा कोहराम
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के भरोखन गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। मौसी काजल की शादी में शामिल होने आया 10 वर्षीय मासूम तालाब में नहाते समय गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।मृतक अनिकेत मिश्रा, आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी विमल मिश्रा का इकलौता पुत्र था। वह अपनी मां विभा मिश्रा के साथ 28 अप्रैल को ननिहाल रघईपुर गांव में मौसी काजल की शादी में शामिल होने आया था। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह खुशी कुछ ही दिनों में मातम में बदल जाएगी। शुक्रवार की दोपहर करीब 1:30 बजे अनिकेत अपने मौसेरे भाई अनमोल मिश्रा और अन्य बच्चों के साथ भरोखन गांव स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़े और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया।तत्काल 108 एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी ले जाया गया, जहां डॉक्टर नीरज सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां विभा मिश्रा का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे को लेकर वह शादी की खुशियों में शामिल होने आई थीं, वही अब उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन गया। सीएचसी परिसर में परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गांव में हर आंख नम है और हर कोई इस असमय हुई मौत से स्तब्ध है।
Comments
Post a Comment