22 मई को पट्टी में होगा जगद्गुरु शंकराचार्य का पावन आगमन
22 मई को पट्टी में होगा जगद्गुरु शंकराचार्य का पावन आगमन
पट्टी, प्रतापगढ़। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की 81 दिवसीय “गविष्ठि (गो-रक्षार्थ-धर्मयुद्ध) यात्रा” के अंतर्गत आगामी 22 मई को पट्टी विधानसभा में भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इसकी जानकारी पट्टी नगर स्थित मूनलाइट कैफे में आयोजित पत्रकार वार्ता में भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन (BYVS) के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा सक्षम सिंह ‘योगी’ ने दी।भारतीय युवा विद्यार्थी संगठन के संस्थापक राजा सक्षम सिंह ‘योगी’ ने बताया कि यह यात्रा गौमाता की रक्षा, सनातन धर्म जागरण एवं हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। यात्रा के माध्यम से पूज्य शंकराचार्य जी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभाओं में पहुंचकर जनमानस को गौसंरक्षण और धर्मरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा (र) के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप पांडेय ने कहा कि पूज्य शंकराचार्य जी का पट्टी आगमन पूरे क्षेत्र के लिए गौरव एवं सौभाग्य का विषय है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आशीर्वचन का लाभ लेने की अपील की।राजा सक्षम योगी ने बताया कि 22 मई को प्रतापगढ़ जनपद की पांच विधानसभाओं में कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। सर्वप्रथम पूज्य शंकराचार्य जी का आगमन रामपुर खास विधानसभा क्षेत्र के भटनी गांव में होगा, जो स्वामी करपात्री जी महाराज की जन्मभूमि है। इसके बाद सदर विधानसभा में अंबेडकर चौराहे पर स्वागत एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
तत्पश्चात बेल्हा देवी मंदिर दर्शन के बाद उनका पट्टी विधानसभा में लगभग दोपहर 12 बजे आगमन होगा। पट्टी बाजार स्थित हनुमान मंदिर के निकट उड़ैयाडीह मोड़ पर गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों एवं जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद पट्टी तहसील के सामने स्वागत एवं आशीर्वचन कार्यक्रम आयोजित होगा।कार्यक्रम के उपरांत पूज्य महाराज श्री बाईपास मार्ग होते हुए रानीगंज विधानसभा के लिए प्रस्थान करेंगे। अंतिम कार्यक्रम विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होगा, जबकि रात्रि विश्राम बाबागंज विधानसभा क्षेत्र के तोड़ी का पुरवा में प्रस्तावित है। बुधवार देर शाम 6:00 बजे के आसपास पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी जनता, गौभक्तों एवं सनातन धर्मावलंबियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने की अपील की।
Comments
Post a Comment