संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत से मचा कोहराम
संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता ने लगाई फांसी, मौत से मचा कोहराम
पट्टी। कंधई थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि मायके और ससुराल पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महेशपुर गांव निवासी बाबूलाल विश्वकर्मा के पुत्र अभिनव विश्वकर्मा की शादी करीब सात वर्ष पूर्व सोनाही गांव निवासी रिंकी के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि रिंकी दो दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल लौटी थी। रविवार सुबह करीब 11 बजे उसने घर के कमरे में साड़ी के फंदे के सहारे फांसी लगा ली। काफी देर तक बाहर न निकलने पर परिजनों को शक हुआ। कमरे के भीतर का दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एक निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटे छोड़ गई है। बड़ा बेटा अभिनव करीब पांच वर्ष और छोटा बेटा अभिषेक ढाई वर्ष का बताया गया है। रिंकी अपने परिवार में दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कंधई पुलिस मौके पर पहुंच गई। साथ ही तहसीलदार पट्टी पवन कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी मनोज रघुवंशी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना को लेकर दोनों पक्षों में दुख और मायूसी का माहौल है। ससुराल पक्ष का कहना है कि आखिर रिंकी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहीं मायके पक्ष के लोग भी घटना को लेकर स्तब्ध हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
क्षेत्राधिकारी मनोज रघुवंशी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
Comments
Post a Comment