ट्रांसफार्मर में धमाके के बाद झाड़ियों में लगी आग, हरिजन बस्ती के पास मची अफरा-तफरी
ट्रांसफार्मर में धमाके के बाद झाड़ियों में लगी आग, हरिजन बस्ती के पास मची अफरा-तफरी
पट्टी। नगर पंचायत ढकवा के वार्ड नंबर 8 सोनपुरा तृतीय हरिजन बस्ती के बगल सोमवार शाम करीब 4:30 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक ट्रांसफार्मर जल उठा और उसकी चिंगारी से पास की झाड़ियों में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग फैलने लगी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।घटना की जानकारी मिलते ही नगरवासियों ने तत्काल विद्युत विभाग, डायल 112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। विद्युत विभाग ने एहतियातन इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी, ताकि बड़ा हादसा टाला जा सके।सूचना मिलते ही ढकवा चौकी प्रभारी अवध राज यादव और उपनिरीक्षक शिवम त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस, डायल 112, ग्रामीणों और विद्युत विभाग की टीम ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसके बाद सुलग रही झाड़ियों को पूरी तरह बुझाया गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग बस्ती तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों ने जिलाधिकारी प्रतापगढ़ से मांग की है कि ब्लॉक आसपुर देवसरा या स्थानीय थाने पर स्थायी रूप से फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी तैनात की जाए, ताकि आपात स्थिति में समय रहते राहत पहुंच सके और नुकसान को कम किया जा सके।
Comments
Post a Comment