दवा लेने गई विवाहिता दो बच्चों संग संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पिता ने दी तहरीर
दवा लेने गई विवाहिता दो बच्चों संग संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पिता ने दी तहरीर
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता अपने दो बच्चों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। मामले को लेकर पिता ने पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर देकर बेटी और नाती-नातिन की सकुशल बरामदगी की मांग की है।
पड़ोसी जनपद जौनपुर के मंझनपुर थाना सुजानगंज निवासी खलील पुत्र नूर मोहम्मद ने पट्टी कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रुबीना की शादी पट्टी कोतवाली क्षेत्र के बरहूपुर गांव निवासी रियासत अली के साथ की थी।
आरोप है कि शुक्रवार दोपहर रुबीना अपनी 10 वर्षीय बेटी खुशी और 12 वर्षीय बेटे सैफ के साथ करैला बाजार दवा लेने गई थी, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारी समेत सभी संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन तीनों का कोई सुराग नहीं लग सका।
इसके बाद शनिवार दोपहर करीब 12 बजे विवाहिता के पिता खलील ने पट्टी कोतवाली पहुंचकर बेटी व दोनों बच्चों की गुमशुदगी की तहरीर दी और पुलिस से जल्द खोजबीन कर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल आनंदपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर विवाहिता और बच्चों की तलाश की जा रही है।
Comments
Post a Comment