घर के आंगन में खेलते-खेलते बुझ गई मासूम की जिंदगी, जहरीले सांप के डसने से चार वर्षीय हर्ष की मौत
घर के आंगन में खेलते-खेलते बुझ गई मासूम की जिंदगी, जहरीले सांप के डसने से चार वर्षीय हर्ष की मौत
पट्टी।आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के ढांढर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर के अंदर खेल रहे 4 वर्षीय मासूम हर्ष को जहरीले सांप ने डस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया।गांव निवासी जसवंत का बेटा हर्ष सोमवार सुबह घर में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक जहरीला सर्प वहां पहुंच गया और मासूम को डस लिया। पहले तो परिजन कुछ समझ नहीं पाए, लेकिन थोड़ी ही देर में बच्चे की हालत बिगड़ने लगी। मासूम की हालत देख घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे गोद में उठाकर इलाज के लिए दौड़े, लेकिन जहरीले जहर के आगे नन्हीं जिंदगी हार गई।चार साल के हर्ष की मौत से मां सीमा बेसुध हो गई। बेटे के शव से लिपटकर उसकी चीखें सुन आसपास के लोगों की आंखें भी नम हो गईं। पिता जसवंत और बड़े भाई शौर्य का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जिस घर में कुछ देर पहले बच्चे की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सिर्फ मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।दोपहर करीब 2:30 बजे तक परिजन इसी असमंजस में बैठे रहे कि मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराया जाए या नहीं। घर के दरवाजे पर मासूम का शव रखा रहा और गांव के लोग परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल बना हुआ है।
Comments
Post a Comment