ग्राम सभा के विकास कार्यों में धांधली का आरोप, सीडीओ से शिकायत
ग्राम सभा के विकास कार्यों में धांधली का आरोप, सीडीओ से शिकायत
पट्टी। तहसील क्षेत्र के विकासखंड बाबा बेलखरनाथ धाम अंतर्गत जलालपुर किठौली गांव निवासी दर्शन पुत्र शिवपूजन यादव ने ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितता और धन दोहन का आरोप लगाते हुए मुख्य विकास अधिकारी से शिकायत की है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव में सड़क, नाली, शौचालय, समिति, मनरेगा समेत विभिन्न विकास कार्यों में भारी अनियमितता कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कहा कि कई बार स्थानीय अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
दर्शन यादव ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 से अब तक ग्राम पंचायत में एक भी खुली बैठक नहीं कराई गई। वहीं मृत्यु प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के लिए ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि वर्ष 2021 से अब तक एक भी इंडिया मार्का हैंडपंप की सही तरीके से मरम्मत नहीं कराई गई, बावजूद इसके धन आहरण कर लिया गया। नालियों की मरम्मत, खड़ंजा और इंटरलॉकिंग निर्माण कार्यों में भी मानकों की अनदेखी कर भुगतान कराने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने ग्राम प्रधान पर विभिन्न सरकारी योजनाओं में धांधली कर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मामले में मुख्य विकास अधिकारी दिव्या मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
Comments
Post a Comment