जेसीबी से कब्जे की कोशिश बनी रणभूमि, दो पक्षों में खूनी संघर्ष के बाद आगजनी, गांव में दहशत
जेसीबी से कब्जे की कोशिश बनी रणभूमि,
दो पक्षों में खूनी संघर्ष के बाद आगजनी, गांव में दहशत
पट्टी। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के करौंदहा गांव में बुधवार सुबह जमीन कब्जे को लेकर ऐसा बवाल मचा कि पूरा गांव रणभूमि में तब्दील हो गया। जेसीबी मशीन से जमीन पर कब्जा किए जाने के आरोप के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों के साथ जमकर खूनी संघर्ष शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के रिहायशी छप्परों में आग लगा दी। आग की लपटों और चीख-पुकार से गांव में अफरा-तफरी मच गई।बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे एक पक्ष जेसीबी मशीन लेकर विवादित जमीन पर पहुंचा था। आरोप है कि कब्जे की कोशिश का विरोध होते ही कहासुनी शुरू हो गई और कुछ ही देर में दोनों ओर से हमला बोल दिया गया। लाठी-डंडों से हुई मारपीट में कई लोग लहूलुहान हो गए। उग्र हुए लोगों ने एक-दूसरे के छप्परों में आग लगा दी, जिससे दोनों पक्षों के आशियाने जलकर राख हो गए।घटना में एक पक्ष से मंगल, रंजीत, धीरेंद्र, सत्यम और जब्बार सरोज घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से राजा सरोज, सुनील, संजय, लड्डू, हीराराम, उदयराज, कल्लू, जितेंद्र, सूरज और नीरज घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरगढ़ भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद आसपुर देवसरा थाने की फोर्स ने गांव पहुंचकर हालात को काबू में किया। पुलिस ने मौके से जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।मामले में थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment