चरैया मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, दो बाइक चालकों की हालत गंभीर,मेडिकल कॉलेज रेफर, घायलों को लेने जा रही एंबुलेंस भी पेड़ से टकराई
चरैया मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, दो बाइक चालकों की हालत गंभीर,
मेडिकल कॉलेज रेफर, घायलों को लेने जा रही एंबुलेंस भी पेड़ से टकराई
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के चरैया मोड़ के पास बुधवार की शाम हुए भीषण सड़क हादसे में दो बाइक चालकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार महदहा गांव निवासी मुकेश पुत्र रामभरोस किसी कार्य से पृथ्वीगंज की ओर गया हुआ था। वापस लौटते समय शाम करीब 4 बजे वह चरैया मोड़ के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे विरौती गांव निवासी प्रवीण शुक्ला पुत्र राधे कृष्ण शुक्ला की बाइक से उसकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइकें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद शुरू की। इसी दौरान उधर से गुजर रहे सेना में तैनात सनी उपाध्याय अपने सहयोगियों मनीष मिश्रा, अनिल और सूरज उपाध्याय के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मुकेश को अपने वाहन से सीएचसी पट्टी पहुंचाया। वहीं दूसरे घायल प्रवीण शुक्ला को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल लाया गया।
सीएचसी पट्टी में डॉक्टरों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत लगातार गंभीर बनी रहने के कारण दोनों को एक ही एंबुलेंस से जिला मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ रेफर कर दिया गया। इलाज कर रहे चिकित्सक डॉक्टर नीरज सिंह ने बताया कि दोनों युवकों को गंभीर चोटें आई हैं और बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।इधर, हादसे के दौरान एक और बड़ा दुर्घटनाक्रम सामने आया।
बताया जाता है कि घायलों को लेने के लिए जा रही एंबुलेंस चरैया मोड़ के पास एक बच्चे को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। चालक विनय शुक्ला ने बच्चे को बचाने के लिए अचानक एंबुलेंस मोड़ी, जिससे वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। दुर्घटना में एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि चालक विनय शुक्ला और ईएमटी महेंद्र बाल-बाल बच गए।घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को हटाने का कार्य शुरू कराया। सड़क हादसे और उसके बाद एंबुलेंस दुर्घटना की घटना को लेकर क्षेत्र में देर तक चर्चा होती रही।
Comments
Post a Comment