जनगणना ड्यूटी बदलने पर भड़के शिक्षक, तहसील में किया प्रदर्शन
जनगणना ड्यूटी बदलने पर भड़के शिक्षक, तहसील में किया प्रदर्शन
पट्टी। तहसील के एक कर्मचारी द्वारा मानक के विपरीत शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी बदले जाने से नाराज शिक्षकों ने मंगलवार को तहसील पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने “शिक्षक एकता जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए ड्यूटी परिवर्तन का विरोध किया और न्याय की गुहार लगाई।बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, अनुदेशकों और शिक्षामित्रों की ड्यूटी पहले उनके विद्यालय और निवास स्थान के नजदीक सुपरवाइजर व प्रगणक के रूप में लगाई गई थी। इसके लिए उन्हें एचएलबी भी आवंटित कर दिया गया था, लेकिन 18 मई की शाम तहसील कार्यालय के जनगणना पटल प्रभारी द्वारा अचानक सभी की ड्यूटी बदल दी गई।
ड्यूटी परिवर्तन की जानकारी मिलते ही शिक्षकों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार को स्कूल का कार्य समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में शिक्षक तहसील पहुंचे और पटल प्रभारी से जवाब मांगने लगे। आरोप है कि विरोध बढ़ता देख पटल प्रभारी वहां से गायब हो गए।
बाद में एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने शिक्षकों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। प्रदर्शन में शिक्षक संघ अध्यक्ष पन्नालाल यादव, कौशलेंद्र प्रताप, संजय सिंह, अमित सिंह, पुष्पा खरे, विजयलक्ष्मी, सुषमा देवी, मिथिलेश यादव समेत बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
भीषण गर्मी में बच्चों ने पिलाया शरबत, राहगीरों ने सराहा सेवा भाव
पट्टी। नगर के राजपूत चौराहे पर स्थित सेंट्रल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मंगलवार को भीषण गर्मी के बीच राहगीरों को ठंडा शरबत पिलाकर मानवता और सेवा भाव की मिसाल पेश की।
बच्चों ने राजपूत चौराहे पर स्टॉल लगाकर राहगीरों को शरबत वितरित किया। तेज धूप और उमस भरी गर्मी में ठंडा शरबत पीकर लोगों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी। राहगीरों ने बच्चों के इस प्रयास की जमकर सराहना की।
स्कूल की प्रिंसिपल नवनीत कौर ने कहा कि गर्मी के मौसम में प्यासे लोगों को शरबत पिलाना पुण्य का कार्य होने के साथ मानवता के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।
इस दौरान शोभा वर्मा, जय सिंह, प्रीती सिंह, रोशनी, काजल तिवारी, सुचिता पांडेय, सोहेल खान, अनुराग वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
मानदेय न मिलने से भड़के संविदा स्वास्थ्य कर्मी, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
पट्टी। पिछले दो माह से मानदेय न मिलने से नाराज स्वास्थ्य विभाग के संविदा कर्मियों ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले संविदा कर्मी 18, 19 और 20 मई को काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए विरोध जता रहे हैं।
संविदा कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो 21 मई से सभी कर्मचारी कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर इमरजेंसी सेवाओं को छोड़ पूर्ण कार्य बहिष्कार करेंगे।
मंगलवार को सेठ पन्नालाल खंडेलवाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संविदा कर्मचारी संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रणनीति तय की गई। बैठक में वसीम सिद्दीकी, मो. सरवर, शिवपूजन द्विवेदी, सोनू, अरुण, किरण, आरती समेत कई संविदा कर्मी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment