चक्रवाती तूफान और तेज बारिश से रमईपुर नेवादा में भारी तबाही, बिजली पोल टूटे
चक्रवाती तूफान और तेज बारिश से रमईपुर नेवादा में भारी तबाही, बिजली पोल टूटे
पट्टी। तहसील क्षेत्र के रमईपुर नेवादा गांव में शुक्रवार रात लगभग 10 बजे आए चक्रवाती तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के कारण गांव में बिजली के पोल, पेड़, छप्परनुमा मकान, दीवारें, टीनशेड तथा घरेलू सामान क्षतिग्रस्त हो गए। कई परिवारों का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।ग्रामीणों के अनुसार तूफान की चपेट में आने से चारपाई, तख्ता, अलमारी, बेड, चावल, गेहूं समेत खाने-पीने की सामग्री और अन्य घरेलू सामान नष्ट हो गए। गांव में लगभग 50 बिजली के पोल टूट जाने से विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई है।तूफान से श्रवण कुमार, अनीता देवी, गिरधारी, पन्नालाल, मणिलाल, राम, शिवकुमार, गणपति पाल, बृजलाल, प्यारेलाल, रानी देवी, विमला देवी, जवाहरलाल और मुनीर अहमद सहित कई ग्रामीणों को भारी नुकसान पहुंचा है।ग्राम प्रधान राजेश वर्मा ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के चलते गांव में व्यापक नुकसान हुआ है। घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक राजस्व विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची थी।इस संबंध में तहसीलदार पवन सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिल गई है। नुकसान का आकलन करने के लिए टीम को गांव भेजा जा रहा है। टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment