जमीन विवाद में लाठी-डंडे चले, युवक घायल; पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
जमीन विवाद में लाठी-डंडे चले, युवक घायल; पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के बीबीपुर बरडीह गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विपक्षियों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बीबीपुर बरडीह गांव निवासी प्रमोद कुमार पुत्र रामचंद्र वर्मा ने रविवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि गांव में चल रहे जमीन संबंधी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और विपक्षियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में प्रमोद कुमार को गंभीर चोटें आईं। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।घटना के बाद घायल युवक परिजन के साथ कोतवाली पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेज दिया है। वहीं घटना को लेकर गांव में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आनंदपाल सिंह ने बताया कि घायल का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment