लाइब्रेरी जा रही छात्रा को डाला ने मारी टक्कर, गंभीर घायल
लाइब्रेरी जा रही छात्रा को डाला ने मारी टक्कर, गंभीर घायल
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के पट्टी-कोहंडौर मार्ग पर शनिवार सुबह लाइब्रेरी जा रही एक छात्रा सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। तेज रफ्तार डाला वाहन ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घायल छात्रा का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी में उपचार चल रहा है। कंजा कोट निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह की पुत्री प्रियांशु सिंह शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे साइकिल से पट्टी कस्बे स्थित लाइब्रेरी पढ़ाई करने जा रही थी। जैतापुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार डाला वाहन ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना करने वाला डाला वाहन क्षेत्र के किसी आरओ प्लांट का बताया जा रहा है, जो पानी की सप्लाई के लिए जा रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्रा को निजी वाहन से सीएचसी पट्टी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे हल्का दरोगा शुभम सिंह ने बताया कि मामले में लिखित तहरीर प्राप्त हुई है। जांच के बाद वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment