कोहरांव गांव के जंगल में भीषण आग, लाखों की वन संपदा जलकर राख
कोहरांव गांव के जंगल में भीषण आग, लाखों की वन संपदा जलकर राख
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के कोहरांव गांव स्थित जंगल में गुरुवार तड़के अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से जंगल में लगे कीमती पौधे और लाखों रुपये मूल्य की वन संपदा जलकर राख हो गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल फायर सर्विस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बताया जा रहा है कि आग लगने की घटना रात करीब तीन बजे के आसपास हुई। आग तेजी से फैलने लगी, जिससे जंगल के बड़े हिस्से को नुकसान पहुंचा। हालांकि समय रहते दमकल कर्मियों ने आग को नियंत्रित कर लिया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में आग फैलने से बच गई।
फायर सर्विस यूनिट पट्टी के प्रभारी आदर्श कुमार ने बताया कि आग किन कारणों से लगी, इसका अभी पता नहीं चल सका है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वन विभाग को भी सूचना देकर नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
Comments
Post a Comment