जमीनी विवाद में महिला के घर में घुसकर मारपीट, सोने की चेन छीनी; जान से मारने की धमकी
जमीनी विवाद में महिला के घर में घुसकर मारपीट, सोने की चेन छीनी; जान से मारने की धमकी
पट्टी। बसौली में शनिवार को जमीनी विवाद के चलते पड़ोसियों ने जमकर तांडव मचाया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने घर में घुसकर उसे बेरहमी से पीटा, बाल खींचे और उसके गले से सोने की चेन छीन ली। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर जान-माल की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बसौली निवासी संगीता वर्मा पत्नी हरीनाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार दोपहर करीब 4:00 बजे वह अपनी जमीन पर थी। इसी दौरान पड़ोसी अमर बहादुर पुत्र जगन्नाथ, शुभम पुत्र अमर बहादुर, शोभा देवी पत्नी अमर बहादुर और शुभम की पत्नी ने एक राय होकर जमीन पर जबरन बल्ली गाड़नी शुरू कर दी।संगीता का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे गालियां देते हुए मारने के लिए दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए वह भागकर अपने घर के भीतर चली गई, लेकिन दबंगों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की और बाल पकड़कर घसीटा। इस दौरान शुभम ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली। जाते समय आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना से डरी-सहमी पीड़िता ने पट्टी थाने पहुंचकर पुलिस को आपबीती बताई है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी होने की पुष्टि की है और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Comments
Post a Comment