जेडी निरीक्षण के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था! सीएचसी पट्टी में प्रसूताओं ने लगाया मेन्यू के अनुसार भोजन न मिलने का आरोप
जेडी निरीक्षण के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था! सीएचसी पट्टी में प्रसूताओं ने लगाया मेन्यू के अनुसार भोजन न मिलने का आरोप
पट्टी। कस्बे स्थित सेठ पन्नालाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती प्रसूताओं को शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलने का आरोप लगा है। खास बात यह है कि हाल ही में संयुक्त निदेशक (जेडी) ने अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए थे, लेकिन रविवार को की गई पड़ताल में स्थिति अलग नजर आई।अस्पताल में भर्ती किरण मिश्रा (कंजा सराय गुलामी), रीता देवी (आमापुर), रेखा देवी (कोटठियार), राजकुमारी (सरायमधई) और प्रीति देवी (औराई) ने आरोप लगाया कि उन्हें अस्पताल की ओर से मेन्यू के अनुसार भोजन और अन्य निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उनका कहना है कि शासन की ओर से प्रसूताओं के लिए निर्धारित पौष्टिक आहार का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है।रविवार दोपहर अस्पताल में मौके पर की गई पड़ताल के दौरान भी प्रसूताओं ने यही शिकायत दोहराई। निरीक्षण के समय यह भी देखने को मिला कि भर्ती महिलाओं को मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्ध नहीं कराया गया था। जबकि शासन की गाइडलाइन के अनुसार प्रसूताओं को समय-समय पर पौष्टिक भोजन, दूध, फल एवं अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जानी चाहिए।मामले को लेकर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त दिखाई जाती हैं, लेकिन बाद में लापरवाही फिर शुरू हो जाती है।वहीं, इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. राम प्रताप ने बताया कि अस्पताल में भर्ती सभी प्रसूताओं को नियमानुसार भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रसूताओं द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। अब मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Comments
Post a Comment