दिनदहाड़े ई-रिक्शा सवार महिला का मोबाइल झपटा, बाइक सवार बदमाश फरार
दिनदहाड़े ई-रिक्शा सवार महिला का मोबाइल झपटा, बाइक सवार बदमाश फरार
पट्टी। कंधई थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े मोबाइल छिनैती की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। तरदहा पावर हाउस के समीप पट्टी-प्रतापगढ़ मार्ग पर ई-रिक्शा से घर लौट रही महिला का मोबाइल बाइक सवार दो अज्ञात युवक झपट्टा मारकर लेकर फरार हो गए।
परसनी गांव निवासी प्रियंका कुमारी ई-रिक्शा से अपने घर जा रही थीं। जैसे ही ई-रिक्शा तरदहा पावर हाउस के पास पहुंचा, पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि महिला और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश आंखों से ओझल हो गए।घटना के बाद पीड़िता ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
दिनदहाड़े हुई इस छिनैती की वारदात ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि टप्पेबाजों और झपटमारों के हौसले बुलंद हैं तथा उन्हें पुलिस का कोई भय नहीं रह गया है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।इस संबंध में कध ई थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है , जानकारी होने पर कार्रवाई की जायेगी|
Comments
Post a Comment