नाली विवाद में अधेड़ महिला की लाठी-डंडों से पिटाई, हालत गंभीर
नाली विवाद में अधेड़ महिला की लाठी-डंडों से पिटाई, हालत गंभीर
पट्टी।कोतवाली क्षेत्र के महरूपुर गांव में नाली के पानी के निकास को लेकर हुए विवाद में एक 50 वर्षीय महिला को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया गया। घायल महिला ने पट्टी कोतवाली पहुंचकर नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
महरूपुर गांव निवासी आशा देवी (50) पत्नी देवराज का पड़ोसियों से नाली को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि शुक्रवार सुबह इसी बात को लेकर विपक्षी लामबंद हो गए और महिला के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर जानलेवा हमला बोल दिया।
अचानक हुए इस हमले में आशा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण बीच-बचाव के लिए दौड़े, आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। इसके बाद पीड़िता ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे कोतवाली पहुंचकर पुलिस को नामजद शिकायती पत्र सौंपा। इस संबंध में पट्टी कोतवाल आनंदपाल सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment