करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत, मोहल्ले में पसरा सन्नाटा

करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की दर्दनाक मौत, 
मोहल्ले में पसरा सन्नाटा
 सुबह पानी भरते समय नल में उतरा टुल्लू पंप का करंट
कुम्हिया मोहल्ले की रहने वाली 58 वर्षीय विधवा सुशीला
सभी बच्चे रोजी-रोटी के सिलसिले में रहते हैं बाहर, घर पर अकेली थीं मृतका

पट्टी‌। कस्बा स्थित कुम्हिया मोहल्ले में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। घर के सामने लगे सरकारी नल में उतरे करंट की चपेट में आने से 58 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे मोहल्ले में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 कुम्हिया मोहल्ला निवासी स्वर्गीय सीताराम की पत्नी सुशीला (58) शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे रोज की तरह अपने घर के सामने लगे नल पर पानी भरने गई थीं। बताया जाता है कि नल के पास ही पानी खींचने के लिए टुल्लू पंप लगाया गया था, जिसकी विद्युत लाइन में शॉर्ट-सर्किट होने की वजह से अचानक पूरे नल में करंट उतर आया। जैसे ही सुशीला ने पानी भरने के लिए नल के हैंडल को छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आकर उसी से चिपक गईं। महिला की चीख सुनकर दौड़े आसपास के लोगों ने आनन-फानन में मुख्य लाइन से बिजली की आपूर्ति बंद की और उन्हें नल से अलग किया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और करंट का झटका इतना जोरदार था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सुशीला के चार बेटे सूर्य, रामचंद्र, हरिश्चंद्र व फूलचंद और दो बेटियां—खुशबू व पूनम हैं। सभी बच्चों की शादी हो चुकी है और वे आजीविका के सिलसिले में शहर से बाहर रहते हैं। इस वजह से सुशीला घर पर अकेली ही रहा करती थीं। हादसे की खबर मिलते ही दूर-दराज रह रहे बेटों और बेटियों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा है।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक जायसवाल फौरन मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। चेयरमैन ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए नगर पंचायत की ओर से हरसंभव आर्थिक और सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Comments

Popular posts from this blog

पट्टी इलाके में स्कूल के छत पर रंगरलिया मना रहे प्रेमी जोड़ों को ग्रामीण पकड़ा पीट कर किया पुलिस के हवाले

शादी के तीसरे दिन चचेरी बहन को लेकर युवक फरार ,एक बार फिर रिश्ते हुए शर्मसार

पट्टी कोतवाली के एक गांव में किशोरी को भगा ले गया युवक, मुकदमा दर्ज