पीजी कॉलेज के पास इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर छापेमारी,कथित नकली ब्रांडेड सामान बरामद, दुकान संचालक पर मुकदमा दर्ज,
पीजी कॉलेज के पास इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर छापेमारी,
कथित नकली ब्रांडेड सामान बरामद, दुकान संचालक पर मुकदमा दर्ज,
पट्टी। नगर के मुख्य मार्ग पर स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) के समीप स्थित मिश्रा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर सोमवार को कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान उषा और प्रेस्टीज ब्रांड के नाम से कथित रूप से बेचे जा रहे बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बरामद किए गए। मामले में पुलिस ने दुकान संचालक के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम, ट्रेडमार्क अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कंपनी के लीगल एडवाइजर एवं अधिकृत प्रतिनिधि प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि मिश्रा इलेक्ट्रॉनिक्स पर उषा और प्रेस्टीज ब्रांड के नाम से कथित नकली उत्पाद बेचे जा रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस के साथ सोमवार शाम करीब 3:30 बजे दुकान पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान दुकान से 35 इलेक्ट्रिक केतली और 30 मिक्सर ग्राइंडर बरामद किए गए, जिन पर उषा और प्रेस्टीज ब्रांड अंकित था। कंपनी के प्रतिनिधियों ने प्रथम दृष्टया इन उत्पादों को कथित रूप से नकली बताते हुए पुलिस की मौजूदगी में उन्हें कब्जे में लिया। इसके बाद बरामद सामान को कंपनी के प्रतिनिधियों और पुलिसकर्मियों के साथ कोतवाली लाया गया। छापेमारी की सूचना मिलते ही दुकान के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और कार्रवाई को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा होती रही।
प्रभात कुमार गुप्ता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मनीष मिश्रा निवासी जामताली के विरुद्ध कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 एवं 65, ट्रेडमार्क अधिनियम की धारा 103 एवं 104 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान की विधिक और तकनीकी जांच कराई जाएगी। जांच में यदि उत्पाद नकली पाए जाते हैं तो संबंधित धाराओं के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।
Comments
Post a Comment