लेनदेन के विवाद में महिला को लाठी-डंडों से पीटा, हालत गंभीर
लेनदेन के विवाद में महिला को लाठी-डंडों से पीटा, हालत गंभीर
पट्टी। कोतवाली क्षेत्र के कोहरांव गांव में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक महिला की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई। मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। पीड़िता ने नामजद आरोपियों के खिलाफ पट्टी कोतवाली में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कोहरांव गांव निवासी नीतू पत्नी सोनू हरिजन का पड़ोसियों से रुपयों के लेनदेन को लेकर कुछ दिनों से विवाद चल रहा था। आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे इसी रंजिश को लेकर पड़ोसी लामबंद होकर उसके घर पर धमक आए। आरोपी पीड़ित महिला के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने लाठी-डंडों से उस पर हमला बोल दिया।
अचानक हुए इस हमले में महिला लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़कर पहुंचे, तब तक आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। घायल पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर आपबीती सुनाई और पुलिस को नामजद तहरीर सौंपी। मामले में उपनिरीक्षक शुभम सिंह ने बताया कि पीड़िता की ओर से शिकायती पत्र मिला है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment