बारात में पहुंचे तीन युवकों पर दबंगों का हमला, लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल
बारात में पहुंचे तीन युवकों पर दबंगों का हमला, लाठी-डंडों से पीटकर किया घायल
पट्टी। बाबा बेलखरनाथ धाम विकास खंड क्षेत्र के दोनई गांव में सोमवार देर रात शादी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब बारात में शामिल होने आए तीन युवकों पर दबंगों ने अचानक हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से किए गए हमले में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पट्टी कोतवाली क्षेत्र के सुखऊ दुबौली गांव निवासी राम अवतार पुत्र गंगादीन अपने भतीजों गोविंद और अरविंद (पुत्र हीरालाल) के साथ अपने मामा के घर दोनई गांव में शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। रात करीब 11 बजे समारोह के दौरान कुछ अज्ञात दबंगों ने अचानक तीनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने धारदार हथियारों का भी प्रयोग किया, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पट्टी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।घटना के बाद मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घायलों ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।इस संबंध में हल्का दरोगा कमलेश कुमार ने बताया कि घायलों की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment