सर्पदंश की घटनाओं में इजाफा, दो मरीज सीएचसी में भर्ती
सर्पदंश की घटनाओं में इजाफा, दो मरीज सीएचसी में भर्ती
पट्टी। तहसील क्षेत्र में सर्पदंश की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार रात करीब 9 बजे अलग-अलग गांवों में कई लोग सांप के काटने का शिकार हुए। इनमें दो लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
ढांढर गांव निवासी आदर्श पटेल (14) खेत के पास लकड़ियों के ढेर से लकड़ी निकाल रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे सांप ने उनके हाथ में काट लिया। वहीं रानीपुर निवासी शाहबाज खान (22) घर में पढ़ाई कर रहे थे, तभी किसी जहरीले जंतु ने उनके पैर में काट लिया। परिजनों ने दोनों को तत्काल सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर निगरानी में रखा है।सीएचसी के इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि रविवार को सर्पदंश और जहरीले जंतुओं के काटने के कई मरीज अस्पताल पहुंचे। इनमें दो मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है, जबकि अन्य का उपचार कर आवश्यक सलाह के साथ घर भेज दिया गया। चिकित्सकों ने बारिश के मौसम में खेतों, झाड़ियों और लकड़ियों के ढेर के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
Comments
Post a Comment