जाल के भीतर से लाखों रुपये की 25 भेड़ें चोरी, पशुपालक सदमे में, तहरीर,एमपी नंबर की काली स्कॉर्पियो पर रेकी का शक, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस,
जाल के भीतर से लाखों रुपये की 25 भेड़ें चोरी, पशुपालक सदमे में, तहरीर,
एमपी नंबर की काली स्कॉर्पियो पर रेकी का शक, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस,
पट्टी।कंधई। थाना क्षेत्र के बीरमऊ विशुनदत्त में मध्यरात्रि अज्ञात पशु चोरों ने एक खेत से लाखों रुपये कीमत की 25 भेड़ें चुरा लीं। चोरों ने खेत में बनाए गए जाल से भेड़ों को निकाला और मुख्य सड़क पर खड़ी पिकअप में लादकर फरार हो गए। घटना के बाद से पशुपालक का परिवार गहरे सदमे में है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की मदद से चोरों की तलाश में जुट गई है। बीरमऊ विशुन दत्त गांव निवासी सहदेव पाल भेड़-बकरी पालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पिछले एक सप्ताह से वह घर से कुछ दूरी पर स्थित अपने खेत में बाड़ेनुमा जाल बनाकर कुल 72 भेड़-बकरियों को बांध रहे थे। रात में बाड़े की रखवाली के लिए सहदेव का बेटा रोशन पाल वहीं सोता था। शुक्रवार-शनिवार की मध्यरात्रि पशु चोरों ने जाल के अंदर बांधी गई भेड़ों को खोल लिया और उन्हें हांकते हुए पट्टी-चिलबिला सड़क तक ले गए। वहां पहले से खड़े एक मालवाहक (पिकअप) वाहन पर 25 भेड़ों को लादकर चोर फरार हो गए। इस दौरान बची हुई अन्य भेड़ें खेत और आसपास तितर-बितर हो गईं। कुछ आहट मिलने पर जब रोशन पाल की आंख खुली, तो उसने देखा कि मौके से सभी भेड़-बकरियां नदारद हैं। रोशन के शोर मचाने और हल्ला-गुहार करने पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने रात में ही खोजबीन शुरू की तो छूटी हुई कुछ भेड़ें खेत से कुछ दूरी पर विचरती हुई मिल गईं। घटना की जानकारी पशुपालक सहदेव पाल ने तत्काल डायल 112 और दीवानगंज चौकी प्रभारी को दी। सूचना पर रात में ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी जुटाई और पीड़ित को सुबह थाने पर तहरीर देने के लिए बुलाया। पशुपालक ने शनिवार सुबह अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर सौंप दी है।
दिन में तीन बार दिखी थी एमपी नंबर की स्कॉर्पियो..
पीड़ित सहदेव पाल ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर तीन बजे से लेकर शाम पांच बजे के बीच मध्य प्रदेश राज्य के नंबर वाली एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी उनके घर और खेत के आसपास तीन बार देखी गई थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी गाड़ी में सवार पशु चोरों ने दिन में रेकी की और रात में घटना को अंजाम दिया।इस संबंध में थानाध्यक्ष कंधई आदित्य सिंह ने बताया कि
पीड़ित की तरफ से तहरीर मिली है। चोरों का सुराग लगाने के लिए मुख्य सड़क पर स्थित पेट्रोल पंप और डिजिटल लाइब्रेरी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
Comments
Post a Comment