अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार,80 घरेलू समेत 96 सिलिंडर, रिफिलिंग के उपकरण और दो मैजिक वाहन बरामद
अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार,
80 घरेलू समेत 96 सिलिंडर, रिफिलिंग के उपकरण और दो मैजिक वाहन बरामद
प्रतापगढ़। कोतवाली देहात पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सकरौली गांव के भाटन का पुरवा में मंगलवार सुबह हुई छापेमारी में 80 भरे घरेलू गैस सिलिंडर समेत 96 सिलिंडर, पांच रिफिलिंग यंत्र, 11 सील लगे कैप, पांच इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और दो मैजिक वाहन बरामद हुए।पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर नायब तहसीलदार सदर की मौजूदगी में सतीश मिश्रा के घर पर छापा मारा गया। मौके पर वाहन संख्या यूपी 72 टी 3321 में 41 और यूपी 72 एटी 7024 में 39 भरे घरेलू गैस सिलिंडर मिले। इसके अलावा 12 खाली घरेलू, तीन भरे व्यावसायिक और एक कंपोजिट सिलिंडर भी बरामद हुआ। जांच में कुछ घरेलू सिलिंडरों में निर्धारित 14.2 किलोग्राम गैस की मात्रा में अंतर भी मिला।पूछताछ में पुलिस को पता चला कि गैस डिलीवरी वाहनों के चालक घरेलू सिलिंडरों से गैस निकालकर दूसरे सिलिंडरों में रिफिलिंग करते थे। इसके बाद इन्हें खुले बाजार में बेचने की बात सामने आई।गिरफ्तार आरोपियों में भोला पाल, सुशील कुमार सरोज, पिंटू पटेल, विवेक पटेल और सतीश मिश्रा शामिल हैं। कोतवाली देहात में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि घरेलू गैस की अवैध रिफिलिंग बेहद खतरनाक है। इससे आगजनी और विस्फोट का खतरा रहता है।
Comments
Post a Comment