साले की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
साले की गोली मारकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
प्रतापगढ़। पारिवारिक विवाद में सगे साले की गोली मारकर हत्या करने के मामले में कोहंडौर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी .32 बोर पिस्टल, 19 जिंदा कारतूस, तीन खोखे और रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान अमेठी जिले के पीपरपुर थाना क्षेत्र के खानापुर निवासी कपिलदेव यादव ने अपने सगे साले देवेंद्र यादव को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी थी। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय देवेंद्र की मौत हो गई थी। मामले में भूपेंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने कपिलदेव के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद आरोपी भी घायल हो गया था और उसका जिला अस्पताल प्रतापगढ़ में उपचार चल रहा था। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस ने बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 40 वर्ष है और उसका वर्तमान पता सुल्तानपुर के कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित अहिमाने जोगीबीर बताया गया है।
थानाध्यक्ष अनुपम त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के मुकदमे के साथ आयुध अधिनियम की धारा 27/30 के तहत भी कार्रवाई की है।
Comments
Post a Comment