टॉफी जैसी संदिग्ध वस्तु खाने से तीन बच्चों की हालत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती,एक छात्र घर से पुड़िया में लाया था वस्तु, सहपाठियों को खिलाने के बाद बिगड़ी तबीयत
टॉफी जैसी संदिग्ध वस्तु खाने से तीन बच्चों की हालत बिगड़ी, जिला अस्पताल में भर्ती,
एक छात्र घर से पुड़िया में लाया था वस्तु, सहपाठियों को खिलाने के बाद बिगड़ी तबीयत
प्रतापगढ़।पट्टी नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय प्रथम में बुधवार को कक्षा तीन के तीन छात्रों की टॉफी जैसी संदिग्ध वस्तु खाने के बाद हालत बिगड़ गई। तीनों बच्चों को बेचैनी और चक्कर आने पर विद्यालय प्रशासन में खलबली मच गई। आनन-फानन में उन्हें सीएचसी पट्टी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तीनों बच्चों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में सुधार हो रहा है।नगर के हनुमान मंदिर तिराहे के समीप बहेलियापुर स्थित ननिहाल में रहने वाला सात वर्षीय प्रिंस प्राथमिक विद्यालय प्रथम में कक्षा तीन का छात्र है। बुधवार को वह अपने बैग में पुड़िया में टॉफी जैसी कोई वस्तु लेकर विद्यालय पहुंचा था। कक्षा में उसने स्वयं खाने के साथ सहपाठी आर्यन पुत्र बबलू और मयंक पुत्र कन्हैयालाल, निवासी वार्ड नंबर एक हरिजन बस्ती, को भी खिला दी।कुछ देर बाद तीनों बच्चों को बेचैनी होने लगी और उन्हें चक्कर आने लगे। तबीयत बिगड़ने पर बच्चों ने इसकी जानकारी प्रधानाध्यापक शिवपूजन पांडेय को दी। प्रधानाध्यापक ने सहायक अध्यापक राजकुमार मौर्य के साथ तीनों को तत्काल सीएचसी पट्टी पहुंचाया। चिकित्सक अखिलेश जायसवाल ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं, सूचना पर खंड शिक्षा अधिकारी गुलाबचंद विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हाल जाना। कस्बा इंचार्ज प्रशांत कटियार ने भी सीएचसी पहुंचकर बच्चों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
संदिग्ध वस्तु को लेकर जांच शुरू
पट्टी मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्र के बैग में पुड़िया में टॉफी जैसी वस्तु कहां से आई और उसमें ऐसा क्या था, जिसे खाने के बाद तीन बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। हालांकि अभी वस्तु की प्रकृति स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।खंड शिक्षा अधिकारी गुलाबचंद ने बताया कि तीनों बच्चे जिला अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment