ऐतिहासिक बाबा मेले की जमीन पर बाउंड्री निर्माण को लेकर विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामनेमहेशगंज थाना क्षेत्र के जगापुर बाहोरिकपुर का मामला, पुलिस ने दोनों पक्षों से कोर्ट का आदेश लाने को कहा
ऐतिहासिक बाबा मेले की जमीन पर बाउंड्री निर्माण को लेकर विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने
महेशगंज थाना क्षेत्र के जगापुर बाहोरिकपुर का मामला, पुलिस ने दोनों पक्षों से कोर्ट का आदेश लाने को कहा
कुंडा/प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के जगापुर बाहोरिकपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा मेले की जमीन पर आर्टिफिशियल बाउंड्रीवॉल निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। रविवार से कुछ लोगों द्वारा जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसका श्री राम जानकी मंदिर ट्रस्ट के वर्तमान गद्दीदार एवं पुजारी बाबा गदाधर दास ने विरोध किया।निर्माण करा रहे लोगों का कहना है कि उन्होंने उक्त जमीन का एग्रीमेंट कराया है और उसी के आधार पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। वहीं, बाबा गदाधर दास ने इस दावे को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि जमीन का बैनामा फर्जी तरीके से कराया गया है।बाबा गदाधर दास के अनुसार, जिन बाबा रामदास के नाम से जमीन का बैनामा कराया गया था, उनका निधन वर्ष 1981 में हो चुका था, जबकि संबंधित बैनामा वर्ष 1984 में कराया गया। उनका कहना है कि बैनामा निरस्त कराने को लेकर न्यायालय में मुकदमा चल रहा है और उक्त स्थान पर वर्षों से ऐतिहासिक मेला आयोजित होता आ रहा है।मामले की शिकायत बाबा गदाधर दास ने एसडीएम कुंडा से की। एसडीएम के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल मौके पर पहुंचे और जमीन की स्थिति का निरीक्षण किया। राजस्व कर्मियों के मुताबिक, जिस हिस्से में कब्जे और निर्माण की बात सामने आई है, उसमें ग्राम सभा की भूमि भी शामिल होने की जानकारी मिली है।सूचना मिलने पर महेशगंज थाना प्रभारी संदीप त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों को जमीन के संबंध में न्यायालय का स्पष्ट आदेश प्रस्तुत करने को कहा।थानाध्यक्ष संदीप त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्ष जमीन पर अपना-अपना दावा कर रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल जमीन के स्वामित्व और बैनामे की वैधता का विवाद न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण बाउंड्री निर्माण को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने हैं।
Comments
Post a Comment