जमीनी विवाद में गड़ासा लहराने का वीडियो वायरल, मारपीट का आरोप
जमीनी विवाद में गड़ासा लहराने का वीडियो वायरल, मारपीट का आरोप
पट्टी।आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के छतौना गांव में जमीनी विवाद को लेकर मारपीट और गड़ासा-भाला लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग हाथों में गड़ासा और भाला लिए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
गांव निवासी अच्छे लाल निषाद पुत्र स्वर्गीय बांकेलाल निषाद ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि पड़ोसी उनकी भूमिधरी जमीन पर भैंस बांधने के लिए खूंटा गाड़कर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपितों ने उनके बेटे सूरज निषाद की लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे अच्छे लाल के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि जान बचाने के लिए उन्हें पड़ोसियों के घर भागकर शरण लेनी पड़ी।
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में कुछ लोग धारदार हथियार लहराते हुए दिखाई दे रहे हैं।पीड़ित ने आसपुर देवसरा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी राकेश कुमार चौरसिया ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment