सावन का अंतिम सोमवार आज,ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी,
सावन का अंतिम सोमवार आज,
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी,
पट्टी। पौराणिक धाम बाबा बेलखरनाथ में सावन के अंतिम सोमवार को जुटने वाली शिवभक्तों और कांवरियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार दोपहर को क्षेत्राधिकारी पट्टी प्रदीप सिंह, तहसीलदार पवन सिंह और खंड विकास अधिकारी राजीव पांडे ने संयुक्त रूप से धाम पहुंचकर सुरक्षा, सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीओ पट्टी प्रदीप सिंह ने थानाध्यक्ष दिलीपपुर विजयकांत सत्यार्थी और चौकी प्रभारी देवेंद्र पाठक को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैरिकेडिंग पर पुलिस कर्मी मुस्तैद रहें ताकि धाम परिसर के भीतर चार पहिया वाहन, ई-रिक्शा और डीजे प्रवेश न कर सकें, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। भीड़ में अराजकतत्वों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। वहीं, सई नदी घाट पर श्रद्धालुओं को सुरक्षा घेरे (बैरिकेडिंग) के भीतर ही स्नान करने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलदार पवन सिंह ने राजस्व निरीक्षक और क्षेत्र के लेखपालों को मेला समाप्ति तक बेलखरनाथ धाम में ही उपस्थित रहने का आदेश दिया है। बीडीओ राजीव पांडे ने प्रभारी एडीओ पंचायत को सफाई कर्मचारियों की टीम लगाकर धाम परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखरनाथ धाम के अधीक्षक डॉ. आनंद तिवारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धाम पर स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। शिविर में एक महिला चिकित्सक और एक पुरुष चिकित्सक के साथ फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय व हेल्पर की तैनाती की गई है।
इस दौरान बद्रीनाथ गिरी, विश्वनाथ गिरी, अरुण सिंह, हरिओम मिश्रा, राजमणि तिवारी और अजीत ओझा सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment